रायपुर : - त्योहारी सीजन के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने 750 किलोग्राम पनीर को नष्ट करा दिया है, जिसे जांच में मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाया गया था। यह पनीर ‘मिल्की मलाई’ और ‘मलाई मैजिक’ ब्रांड का था। खाद्य विभाग की टीम ने 8 सितंबर को जोरा के पास एक मालवाहक वाहन से पनीर की खेप जब्त की थी। इसे ओडिशा भेजे जाने की तैयारी थी। जब्त पनीर के नमूने रायपुर की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए, जहां 12 सितंबर को आई रिपोर्ट में पनीर को असुरक्षित बताया गया।

प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद संबंधित कंपनी ने जांच के नतीजों पर सवाल उठाते हुए दोबारा परीक्षण की मांग की थी। इसके बाद नमूने को नियमानुसार नेशनल फूड लैब भेजा गया, जिसके चलते पनीर को नष्ट करने की प्रक्रिया में देरी हुई। अब उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में 750 किलो पनीर नष्ट करा दिया गया है, ताकि इसे दोबारा बाजार में न बेचा जा सके। खाद्य विभाग ने शुरुआती जांच के आधार पर संबंधित फर्म का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया था। अब ‘मिल्की मलाई’ और ‘मलाई मैजिक’ ब्रांड से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मामला तैयार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में चालान पेश करने की तैयारी है। विभाग ने त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटी मिठाइयों और डेयरी उत्पादों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज करने की बात कही है।