
रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच खोल दिए गए है। सुबह 8 बजे के बाद बाबा केदार के मंदिर के द्वार खोले गए, जिसके साथ ही पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में डूब गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु कड़क ठंड के बावजूद दर्शन के लिए पहुंचे।

मंदिर को इस बार लगभग 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने केदारनाथ धाम की दिव्यता को और बढ़ा दिया। कपाट खुलने के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपनी पत्नी के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से विशेष पूजा संपन्न कराई।कपाट खुलने के बाद सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पूजा की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं के लिए यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार ने चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
मंदिर के कपाट खुलने के बाद हेलिकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा भी की गई। इसके लिए दो हेलिकॉप्टर तैनात किए गए थे, जिन्होंने मंदिर परिसर में फूल बरसाकर इस पावन क्षण को और भव्य बना दिया। सीएम धामी की पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में स्थित श्री केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा भारतीय आस्था, एकता और सनातन परंपरा का दिव्य प्रतीक है। उन्होंने बाबा केदार से सभी श्रद्धालुओं की सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।
अब 22 अप्रैल से अगले छह महीनों तक केदारनाथ धाम के कपाट खुले रहेंगे और लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए यहां पहुंचेंगे। मंगलवार को बाबा केदार की डोली के धाम पहुंचने का दृश्य भी बेहद अद्भुत रहा, जहां हजारों भक्तों ने भक्ति और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।




