
अगर आप भी सोना खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। फिलहाल ग्लोबल मार्केट में दबाव की वजह से सोने और चांदी की कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है, लेकिन आने वाले महीनों को लेकर बड़ा अनुमान सामने आया है।

ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि अगले 6 महीनों में सोने की कीमतों में करीब 40 फीसदी तक तेजी देखने को मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो भारतीय बाजार में सोने का भाव 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को भी पार कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके बाद बने हालात का असर पिछले कुछ समय से सोने-चांदी के बाजार पर देखने को मिला था। हालांकि अब हालात सामान्य होने के साथ निवेशकों का रुझान फिर से सोने की तरफ बढ़ सकता है।

जेपी मॉर्गन की हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस साल के अंत तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की औसत कीमत 6,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। वहीं, साल 2027 के अंत तक यह आंकड़ा 6,300 डॉलर प्रति औंस तक जाने का अनुमान जताया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2026 के दौरान भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर की मजबूती का असर सोने की चाल पर देखने को मिला। इसी बीच दुनियाभर के केंद्रीय बैंक लगातार सोने की खरीद बढ़ा रहे हैं, जिससे कीमतों को मजबूत सपोर्ट मिल रहा है। अनुमान के मुताबिक, अगर सोने में 40 फीसदी तक उछाल आता है तो घरेलू बाजार में इसकी कीमत करीब 2.13 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। हालांकि बाजार की चाल कई वैश्विक और आर्थिक कारकों पर निर्भर करेगी।






