
दिल्ली के चर्चित IRS अफसर की बेटी हत्याकांड में जांच के दौरान कई हैरान करने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी राहुल मीणा, जो पहले IRS अफसर के घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था, चोरी किए गए पैसों से ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहा था।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राहुल को घर से पैसे और कीमती सामान गायब करने की आदत थी। इसी वजह से उसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि वह चोरी के पैसों का इस्तेमाल सर्वेंट क्वार्टर में महिलाओं को बुलाने और अपनी शौक़ीन जिंदगी पर खर्च करने में करता था।

बताया जा रहा है कि राहुल पर जुए और नशे की लत का भी शक है, जिसके चलते उस पर कर्ज बढ़ गया था। पुलिस का मानना है कि पैसों की जरूरत और बदले की भावना ने उसे इस जघन्य वारदात तक पहुंचाया।घटना वाले दिन राहुल ने परिवार की दिनचर्या का फायदा उठाया। वह जानता था कि पीड़िता के माता-पिता सुबह जिम जाते हैं। उसने घर के बाहर रखी अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर अंदर प्रवेश किया। उस समय युवती घर में अकेली थी और पढ़ाई कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी करीब 2.5 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। CCTV फुटेज में वह सुबह घर में दाखिल होता और कुछ देर बाद कपड़े बदलकर बैग के साथ बाहर निकलता दिखाई दिया।दिल्ली पुलिस ने 12 घंटे के भीतर द्वारका के एक होटल से राहुल को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू से जाँच कर रही है |




