
पश्चिम बंगाल में आज पहले चरण का मतदान आखिरी पड़ाव पर है. राज्य की 152 सीटों पर वोटिंग जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी. सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. बंगाल में मुख्य मुकाबला ममता बनर्जी की टीएमसी और बीजेपी के बीच है. वहीं कांग्रेस भी पूरे दमखम से चुनावी मैदान में है.

16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 44,000 मतदान केंद्रों पर करीब 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. मतदाताओं में एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं हैं. राज्य के सभी बूथ संवेदनशील माने गए हैं. जिनमें से करीब 8,500 बूथ अति संवेदनशील हैं. वहीं 1,500 बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. खड़गपुर सदर से दिलीप घोष,आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल और बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी जैसे दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला पहले चरण में ही होगा. वहीं नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी की साख जुड़ी हुई है.




