
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु सरकार पर हमले की घटना सामने आई। दक्षिण दिनाजपुर जिले की कुमारगंज विधानसभा सीट के बूथ नंबर 12 पर उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है।जानकारी के मुताबिक, मतदान के दौरान उनकी तृणमूल कांग्रेस समर्थकों से पहले बहस हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि तृणमूल समर्थकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ हाथापाई की।

इस दौरान उनके निजी सुरक्षा कर्मी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ अचानक आक्रामक हो गई और भाजपा उम्मीदवार को दौड़ाकर पीटा गया।घटना के समय वहां न तो केंद्रीय सुरक्षा बल मौजूद थे और न ही कोई विशेष सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है।घटना के बाद कुमारगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंटों को कई जगहों से जबरन बाहर निकाला गया था। उन्होंने कहा कि वे खुद जाकर अपने एजेंटों को वापस बूथ के अंदर लेकर आए।उन्होंने बताया कि जब वह बूथ नंबर 24 पर पहुंचे, तब तृणमूल समर्थकों ने उनकी पूरी टीम पर हमला कर दिया।सुवेंदु सरकार ने कहा कि विपक्षी पक्ष ने जानबूझकर डर और दबाव का माहौल बनाने की कोशिश की। उनके अनुसार, केंद्रीय बल पोलिंग स्टेशन के पास मौजूद थे, लेकिन उस समय उनके साथ केवल उनका बॉडीगार्ड था, जिसका फायदा उठाकर उन पर हमला किया गया।






