
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत मतदान तेज रफ्तार से जारी है। दोपहर 3 बजे तक पश्चिम बंगाल में 78.77 प्रतिशत और तमिलनाडु में 70.00 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। दोनों राज्यों में मतदाताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जबकि पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण के तहत वोट डाले जा रहे हैं। बंगाल में इस चरण में 1478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो रही है।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधी और कड़ी टक्कर बनी हुई है, वहीं तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी के एनडीए गठबंधन के बीच मुकाबला दिलचस्प हो गया है।सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर महिला मतदाताओं और युवा वोटरों में भारी उत्साह नजर आया। कई इलाकों में वरिष्ठ नागरिक भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे।

हालांकि पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच तनाव की खबरें भी सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद, सिलीगुड़ी और कुमारगंज समेत कई इलाकों में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा। बीजेपी उम्मीदवारों ने बूथ एजेंटों को हटाने और हमले के आरोप लगाए। दूसरी ओर तमिलनाडु में मतदान प्रक्रिया अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही। कई बड़े नेता और फिल्मी हस्तियां भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करती नजर आईं।अब सबकी नजर शाम 6 बजे तक होने वाले अंतिम मतदान प्रतिशत और 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी है।




