Oplus_16908288
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया वीडियो संदेश जारी कर देश के युवाओं, विशेषकर जेन-जी, और आम लोगों का आभार व्यक्त किया है। यह संदेश उनके पिछले वीडियो को मिली व्यापक प्रतिक्रिया के बाद जारी किया गया। प्रधानमंत्री का गुरुवार को साझा किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड बनाते हुए 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक देखे जाने वाले वीडियो में शामिल हो गया।
युवाओं के नाम प्रधानमंत्री का संदेश
वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “थैंक यू फ्रेंड्स। कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मेरे वीडियो पर आपने जिस तरह प्रतिक्रियाएं दीं और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। आपका यह प्यार बना रहेगा और हमारा नाता और अधिक सक्रियता से जुड़ता रहेगा। धन्यवाद दोस्तों।” वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “युवाओं का धन्यवाद, जिन्होंने कल मेरा वीडियो देखा और उस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।”
इंस्टाग्राम पर साझा किया नया वीडियो
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर यह वीडियो साझा किया। कुछ ही समय में इसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और इस पर प्रतिक्रियाएं भी दीं।
पिछले वीडियो को मिले 30.6 करोड़ से अधिक व्यूज
गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं, छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए एक वीडियो जारी किया था। खबर लिखे जाने तक उस वीडियो को 306 मिलियन (30.6 करोड़) से अधिक बार देखा जा चुका था। वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं और सुझाव भी साझा किए।
रातोंरात जुड़े 10 लाख नए फॉलोअर्स
प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश के बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 10 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े। रिसर्च और आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र राजनेता हैं।
आईशोस्पीड का रिकॉर्ड भी पीछे छूटा
हाल ही में लोकप्रिय यूट्यूबर आईशोस्पीड की फीफा विश्व कप 2026 फाइनल के दौरान बीटीएस के साथ बनाई गई इंस्टाग्राम रील को पहले 24 घंटे में 300 मिलियन से अधिक व्यूज मिले थे। प्रधानमंत्री मोदी का वीडियो 24 घंटे में 306 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर इस आंकड़े को पीछे छोड़ने वाला वीडियो बन गया।




