बिलासपुर क्लब में हाईवोल्टेज ड्रामा! ₹10 हजार का बिल देखते ही भड़की युवती, महिला कर्मचारी से मारपीट का आरोप …

बिलासपुर के होटल हेवन्स पार्क के लिट क्लब में बिल को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे पेमा नाम की युवती अपने दोस्तों के साथ क्लब पहुंची थी। खाने-पीने के बाद करीब 10 हजार रुपए का बिल दिया गया, जिस पर युवती ने आपत्ति जताई और अपने हिस्से का बिल मांगा। इसके बाद करीब 5 हजार रुपए का दूसरा बिल दिए जाने की बात सामने आई।

आरोप है कि बिल भुगतान को लेकर विवाद बढ़ने पर युवती ने क्लब की महिला कर्मचारी अंजना दीवान से मारपीट की। शिकायत के अनुसार, उसके बाल खींचे गए, जिससे सिर में चोट लगी। इसके बाद वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़े जाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें क्लब के अंदर विवाद होता दिखाई दे रहा है। हंगामे की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, युवती बिना बिल चुकाए कार से वहां से चली गई। महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े वीडियो समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

About The Author