MBBS इंटर्न के लिए बड़ी खुशखबरी ! छत्तीसगढ़ में स्टाइपेंड बढ़कर ₹25 हजार, 1 अक्टूबर से मिलेगा फायदा…

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे MBBS छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने इंटर्न के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी कर दी है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के नए आदेश के मुताबिक अब पात्र MBBS इंटर्न को हर महीने 25 हजार रुपए स्टाइपेंड दिया जाएगा। संशोधित राशि 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।


अब तक MBBS इंटर्न को हर महीने 15,900 रुपए मिल रहे थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें पहले की तुलना में 9,100 रुपए अधिक मिलेंगे। यानी सालाना स्टाइपेंड में 1 लाख 9 हजार 200 रुपए की बढ़ोतरी होगी। इस फैसले से प्रदेश के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रशिक्षण ले रहे पात्र इंटर्न लाभान्वित होंगे।

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर IMA Medical Students Network (IMA MSN) और IMA Junior Doctors Network (IMA JDN) की ओर से लंबे समय से शासन के सामने मांग रखी जा रही थी। संगठनों ने इंटर्न की जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका को देखते हुए स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन भी किया था। इसके बाद प्रस्ताव पर शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी और वित्त विभाग की सहमति मिलने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने नई दर लागू करने का आदेश जारी कर दिया है।

About The Author