रायपुर में बारिश पर लगा ब्रेक, काले बादलों के बीच बढ़ी उमस, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। बीते दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश थम गई है, जिससे गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आसमान में काले बादल छाए रहने के बावजूद कई स्थानों पर बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

शुक्रवार को दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। अब बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने का इंतजार है, जिससे मानसून दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है।

रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रघुनाथ नगर, कुसमी और बड़ेबचेली में 5-5 सेंटीमीटर, जबकि कोरबा, बैकुंठपुर, मुंगेली, लैलूंगा और प्रेमनगर सहित कई क्षेत्रों में 2 से 3 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की संभावना है।

About The Author