रायपुर में सोने से सजे गणपति का जलवा, 750 ग्राम के मुकुट ने खींचा भक्तों का ध्यान …

रायपुर के गोलबाजार में गणेशोत्सव के दौरान भगवान गणपति का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बप्पा को 750 ग्राम सोने और कीमती रत्नों से तैयार मुकुट पहनाया गया है, जिसकी वर्तमान कीमत 1 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। इस खास श्रृंगार के दर्शन के लिए दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रहती है। रात गहराने के बाद भी पंडाल में भीड़ कम नहीं होती और तड़के करीब 4 बजे तक श्रद्धालु गणपति के दर्शन करने पहुंचते हैं।

गोलबाजार का यह आयोजन कोई नई परंपरा नहीं, बल्कि करीब 117 वर्षों से चली आ रही धार्मिक विरासत का हिस्सा है। शहर के पुराने व्यापारी परिवारों की चौथी पीढ़ी तक इस गणेशोत्सव से जुड़ी हुई है। पंडाल में गणपति के अलावा बालाजी, माता लक्ष्मी और पद्मावती की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु उत्साह से शामिल होते हैं। समिति से जुड़े केदार गुप्ता के अनुसार, वे करीब 37 वर्षों से आयोजन की सेवा कर रहे हैं। वर्ष 2018 से गणपति को स्वर्ण मुकुट पहनाने की परंपरा भी लगातार निभाई जा रही है।

आयोजन समिति का कहना है कि गोलबाजार के गणपति के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है और मनोकामना पूरी होने पर भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। पिछले साल एक श्रद्धालु ने 2 किलो चांदी अर्पित की थी। अब समिति की इच्छा रिद्धि-सिद्धि के लिए भी स्वर्ण मुकुट तैयार कराने की है, जिसके लिए श्रद्धालुओं के सहयोग की उम्मीद है। लोकमान्य तिलक की सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा से प्रेरित यह आयोजन आज भी पुरानी पीढ़ी और युवाओं को एक साथ जोड़ रहा है। स्वर्ण मुकुट, ऐतिहासिक परंपरा और देर रात तक उमड़ती भीड़ ने इस गणेशोत्सव को शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर दिया है।

About The Author