दंतेश्वरी माता की दानपेटी में मिली अनोखी चिट्ठी, 21 साल से अधूरी सड़क के लिए मांगी मन्नत …

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा स्थित प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर में दानपेटी से निकली एक चिट्ठी ने हर किसी का ध्यान खींच लिया। आमतौर पर श्रद्धालु अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं और परिवार की खुशहाली के लिए मन्नत मांगते हैं, लेकिन इस बार मिली अर्जी में किसी ने अपने लिए कुछ नहीं मांगा। श्रद्धालु ने पूरे क्षेत्र की एक बड़ी समस्या दूर करने की गुहार माता के दरबार में लगाई है।

चिट्ठी में लिखा है— “दंतेश्वरी माई कृपा करो… 21 साल से अधूरी हमारी सड़क पूरी करवा दो।” कुछ शब्दों की इस छोटी-सी अर्जी ने इलाके की वर्षों पुरानी परेशानी को सामने ला दिया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के लोग करीब 21 साल से सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के बाद अब श्रद्धालु ने अपनी उम्मीद दंतेश्वरी माता के दरबार से जोड़ दी। दानपेटी की गिनती के दौरान जब मंदिर समिति को यह पर्ची मिली, तो इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। लोग इसे सिर्फ एक मन्नत की चिट्ठी नहीं, बल्कि 21 साल से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों की आवाज बता रहे हैं। अब इस अर्जी के जरिए स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान भी इस अधूरी सड़क की ओर खींचा जा रहा है।

About The Author