
भुवनेश्वर: ओडिशा में सोमवार को तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। राज्य के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। बालेश्वर जिले में एक ही परिवार के आठ सदस्य झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सबसे ज्यादा असर केन्दुझर, मयूरभंज और कटक जिलों में देखने को मिला। केन्दुझर में खेत में काम कर रही महिला और ट्रैक्टर चला रहे एक युवक की मौत हो गई। वहीं, मयूरभंज में दो किसानों और कटक में बकरियां चरा रहे एक व्यक्ति की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य के कई इलाकों में फिलहाल आंधी और वज्रपात की गतिविधियां जारी हैं, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है।





