
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन शुरू किया है। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम दिग्गज नेता संसद से मार्च करते हुए 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पर पहुंच गए। सभी नेता पहले राजाजी मार्ग पर जमा हुए थे। वहीं कई नेताओं को नारेबाजी करने के बाद हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों से पीएम आवास के बाहर धरने में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए। उनपर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की धरना वापस लेने की मांग को ठुकरा दिया और धरना जारी रखने का फैसला लिया।

कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा, “वे (जितेंद्र सिंह) चाहते थे कि हम अपना विरोध प्रदर्शन वापस ले लें, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया क्योंकि हमारी मांगें पूरी नहीं हुई थीं। हम चाहते हैं कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और संसद में पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा हो। हमारे विरोध प्रदर्शन में और भी सांसद, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे।”कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, वे तब धरना स्थल से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि वह रात भर धरने पर बैठे रहेंगे। वहीं कांग्रेस ने सरकार के सामने तीन मांगें रखी हैं। वहीं राहुल गांधी ने इस दौरान देशवासियों से धरने में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए। छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है।





