
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विजेता दहिया पर एक्शन लेते हुए उन्हें संगठन के प्रवक्ता पद से हटा दिया है। इसकी जानकारी CJP ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जिरिए शेयर भी की है। सीजेपी के आधिकारिक अकाउंट से बताया गया कि वे अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के बेहद असंवेदनशील व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि विजेता के वीडियो तब सामने आए जब शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और सीजेपी की टीम पुलिस की बर्बर हिंसा का सामना कर रहे थे। ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है, यह समझदारी की पूरी कमी को दिखाता है और आंदोलन के मूल्यों और सिद्धांतों के बिल्कुल खिलाफ है। इसके जवाब में विजेता दहिया को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रवक्ता पद से हटाया जाता है। उन्हें सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त किया जा रहा है।दरअसल, 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद चलो मार्च का आयोजन किया था। इसमें हजारों की संख्या में लोग जुटे थे और उन्होंने संसद तक मार्च किया था।
इसी बीच विजेता दहिया का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया था, जिसमें विजेता प्रोटेस्ट छोड़कर बर्गर खाते नजर आ रहे थे। इसके बाद एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें दो लड़के विजेता से सवाल पूछ रहे थे और विजेता चुप्पी साधे खड़े थे। बाद में विजेता ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह प्रोटेस्ट के बाद नहाने के लिए घर चले गए थे और उन्हें भूख लग गई थी।शिवसेना (UBT) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी विजेता दहिया के आचरण पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल पूछा था कि CJP के प्रवक्ता विजेता दहिया, जो हर मंच पर नाचते रहते हैं और जिन्होंने स्वामी प्रेमानंद महाराज को अपशब्द कहे थे। क्या उन्होंने कल के विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया? क्या यह सच है?





