
नई दिल्ली : – जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के निकट लोक कल्याण मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, के.सी. वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी लिया।

इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचकर पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने घायलों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से भी बातचीत की। कांग्रेस के अनुसार, नेताओं ने उस छात्रा के परिवार से भी मुलाकात की, जो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पार्टी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष संसद में छात्रों और पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा चाहता है, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी जा रही। कांग्रेस ने दोहराया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और इस पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करने की आवश्यकता है।





