
दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारत लौटने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि वह भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और अपना भविष्य संविधान के भरोसे छोड़ रहे हैं। पोस्ट के अंत में उन्होंने “जय भीम” का संदेश भी दिया।इससे पहले दीपके ने एक वीडियो जारी कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा कि देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर वह भारत लौट रहे हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से बताया गया है कि अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में दीपके ने कहा कि नीट समेत कई परीक्षाओं में सामने आए विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, जिसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।उन्होंने दावा किया कि लाखों छात्रों और नागरिकों ने इस मुद्दे पर अपना समर्थन दर्ज कराया है तथा देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं। उनके अनुसार, नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जीडी जैसी परीक्षाओं से जुड़े करोड़ों छात्र इस व्यवस्था से प्रभावित हुए हैं और उन्हें न्याय मिलना चाहिए।
दीपके ने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि यदि बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर मांग करेंगे तो सरकार को इस विषय पर ध्यान देना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि 6 जून को दिल्ली पहुंचने के बाद वे अपने समर्थकों के साथ संसद मार्ग थाने जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे।वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार और दोस्तों को आशंका है कि उन्हें एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया जा सकता है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सुरक्षित रहेगा। दीपके ने कहा कि उन्हें भारत के संविधान पर पूरा विश्वास है और लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने लोगों से भयमुक्त होकर अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।




