
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक पश्चिम बंगाल में 62.18 प्रतिशत और तमिलनाडु में 56.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया |तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो गया, जबकि पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण में वोट डाले जा रहे हैं। बंगाल में इस चरण में 1478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो रही है।पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, वहीं तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी के एनडीए गठबंधन के बीच जोरदार टक्कर है।

सुबह से ही दोनों राज्यों के मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासतौर पर महिला मतदाताओं में भारी उत्साह नजर आया।हालांकि बंगाल में चुनावी माहौल के बीच कई जगह तनाव और झड़पों की खबरें भी सामने आईं। मुर्शिदाबाद में टीएमसी कार्यकर्ताओं और एयूजेपी के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच विवाद हुआ। वहीं सिलीगुड़ी में भी टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच टकराव की सूचना मिली।

कुमारगंज से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि कई बूथों से उनके पोलिंग एजेंटों को बाहर कर दिया गया। उन्होंने अपने ऊपर हमले का भी दावा किया।दूसरी ओर, तमिलनाडु में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलती रही। यहां कई बड़े नेता और प्रसिद्ध हस्तियां भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करती नजर आईं।




