
मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल में बम होने की धमकी मिलने से देर रात हड़कंप मच गया। रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आया, जिसमें दावा किया गया कि होटल में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही कोलाबा पुलिस, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे होटल की सुरक्षा घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

कॉलर ने दावा किया कि ताज होटल में बम दाऊद इब्राहिम की ओर से रखवाया गया है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने करीब तीन घंटे तक होटल के हर हिस्से की गहन जांच की, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने इस कॉल को फर्जी करार दिया और राहत की सांस ली।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था। अब पुलिस कॉल करने वाले की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी ताज होटल को इसी तरह की धमकी मिली थी। फिलहाल होटल और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।






