ब्रेकअप के बाद नंबर ब्लॉक करना पड़ा भारी, GF को किडनैप कर भागा आशिक; कार ब्लास्ट में जिंदा जलकर मौत  

कर्नाटक। कर्नाटक के तुमकुरु जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें ब्रेकअप के बाद शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर अपहरण और कार ब्लास्ट तक पहुंच गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला और कैब ड्राइवर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक और महिला पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन कुछ समय से उनके बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला ने युवक का नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिसके बाद वह नाराज हो गया।

पुलिस के अनुसार, युवक सुबह महिला के घर पहुंचा और वहां विवाद के बाद उसे जबरन कैब में बैठाकर ले गया। इसी दौरान रास्ते में युवक द्वारा महिला को जान से मारने की धमकी देने और चाकू से हमला करने की बात भी सामने आई है। घटना के दौरान कैब ड्राइवर ने स्थिति बिगड़ती देख गाड़ी रोक दी, जिसके बाद महिला मौके से बाहर निकल गई। कुछ ही देर में वाहन में विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। महिला और कैब ड्राइवर को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि वाहन में विस्फोट कैसे हुआ और उसमें कौन-सा संदिग्ध पदार्थ था।

About The Author