रायपुर में गणेशोत्सव का अनोखा रंग, काले पत्थर की प्रतिमा से लेकर लड्डू नीलामी तक खास परंपरा …

रायपुर : – खमतराई के शिवानंद नगर स्थित श्री वरसिद्धि विनायक गणेश मंदिर में इस बार 21 दिवसीय गणेशोत्सव दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार मनाया जा रहा है। मंदिर में आंध्र प्रदेश से लाए गए काले पत्थर से बनी करीब 5 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उत्सव में दक्षिण भारतीय शैली के विशेष पूजा-अनुष्ठान और कल्याणम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस गणेशोत्सव की सबसे खास परंपराओं में भगवान गणेश के लड्डू की नीलामी शामिल है। मंदिर समिति के अनुसार यह परंपरा वर्ष 2008 से चली आ रही है। इस साल 4 अक्टूबर को होने वाली नीलामी में बोली एक लाख रुपये से ऊपर जाने की उम्मीद है। खास बात यह है कि नीलामी जीतने वाला श्रद्धालु लड्डू को अपने घर ले जाने के बजाय मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में बांटता है। मंदिर में 25 सितंबर को श्री चक्रम पूजा, 28 सितंबर को श्री शिव-पार्वती कल्याणम और 30 सितंबर को 56 भोग का आयोजन होगा। 21 दिवसीय उत्सव का समापन 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पूर्णाहुति के साथ होगा, जिसके बाद दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

About The Author