ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता …

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई जनहानि से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई मौतों को बेहद दुखद बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की ओर से भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की जानकारी दी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

About The Author