आजमगढ़ से लखनऊ जा रही बस ट्रक से टकराई, 27 यात्री घायल, छह मेडिकल कॉलेज रेफर …

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस सुबेहा थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 56.7 के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया।

अस्पताल में 16 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि 11 यात्रियों को मामूली चोटें होने के कारण दवा देकर घर भेज दिया गया। छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया है। घायलों में बस चालक संजय सिंह के अलावा जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर शामिल हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 50 यात्री सवार थे और टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

यात्रियों के मुताबिक, हादसे के समय चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, जिसके चलते बस आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। घायलों में आफरीन बानो भी शामिल हैं, जिनकी रविवार सुबह लखनऊ से सऊदी अरब के लिए फ्लाइट थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास जा रही थीं। सिर में हल्की चोट लगने के बाद वह बार-बार अपने पति के पास पहुंच पाने को लेकर पूछती रहीं।

About The Author