रायपुर में आज निकलेगी भव्य गणेश विसर्जन झांकी, शाम 6 बजे से कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद …

रायपुर : – शहर में आज शाम गणेश विसर्जन के अवसर पर भव्य झांकी निकाली जाएगी। झांकी शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार और कंकालीपारा होते हुए पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदरनगर और रायपुरा चौक से होकर महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन की तैयारी पूरी कर ली है।

झांकी के दौरान भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाम 6 बजे से पूरे निर्धारित मार्ग पर आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शारदा चौक से महादेव घाट तक झांकी के आगे बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इस दौरान केवल झांकी में शामिल वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग पर जाने की अनुमति होगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और झांकी के दौरान पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है।

About The Author