‘वन’ के ट्रेलर पर उठे सवाल, गायक सरगम वैश का दावा- बिना अनुमति इस्तेमाल हुआ ‘ऐगिरी नंदिनी’; मेकर्स को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी …

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। गायक और वोकलिस्ट सरगम वैश ने फिल्म के मेकर्स पर उनके ओरिजिनल गाने ‘ऐगिरी नंदिनी’ को कथित तौर पर बिना अनुमति ट्रेलर में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। सरगम वैश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट शेयर कर फिल्म की टीम से ट्रेलर और प्रमोशनल कंटेंट से उनका म्यूजिक हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने फिल्म के ट्रेलर या प्रमोशन में अपने गाने के इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी थी।

सरगम वैश के मुताबिक, जब उन्होंने फिल्म का ट्रेलर देखा तो उन्हें पता चला कि उनके ओरिजिनल गाने का इस्तेमाल उसमें किया गया है। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी कलाकार के काम को उसकी सहमति के बिना इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। गायक ने फिल्म की टीम से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि अगर उनके गाने के इस्तेमाल के लिए कोई वैध लाइसेंस लिया गया है, तो उसका प्रमाण सामने रखा जाए। सरगम वैश ने दावा किया कि उनका यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह इस गाने को लेकर पहले ही एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ कॉन्ट्रैक्ट कर चुके हैं। उनका आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर में बिना अनुमति गाने के इस्तेमाल से उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर असर पड़ सकता है।

उन्होंने फिल्म के मेकर्स से मामले को लेकर सीधे संपर्क करने की मांग की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अपनी बात साझा करते हुए फैंस से पोस्ट को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील भी की। सरगम वैश ने कहा है कि अगर फिल्म की टीम ट्रेलर और अन्य प्रमोशनल मटेरियल से उनके म्यूजिक को नहीं हटाती है, तो वह कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपना सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी लीगल टीम इस मामले को देख रही है। हालांकि, सरगम वैश के आरोपों पर ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ के मेकर्स, निर्देशक या प्रोडक्शन टीम की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में गाने के इस्तेमाल को लेकर दोनों पक्षों का पक्ष सामने आना बाकी है ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है। फिल्म की कहानी मध्य भारत के जंगलों, भारतीय लोककथाओं, रहस्य और पौराणिक तत्वों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई गई है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

About The Author