तीज की खुशियां बदली मातम में, त्योहार के बाद ससुराल लौटी महिला की मौत, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप …

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के धमधा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला की मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मौत को सामान्य बीमारी से जोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन पंचनामा और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।

मृतका अन्नू खांडे कुछ दिन पहले तीज का त्योहार मनाकर अपने ससुराल लौटी थी। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच अन्नू और उसके पति त्रिलोक खांडे के बीच विवाद हुआ। पूछताछ में पुलिस के सामने जो जानकारी आई, उसके मुताबिक विवाद के दौरान अन्नू के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह को मामले की पृष्ठभूमि बताया है। घटना के बाद अन्नू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्याजनित बताया गया, जिसके बाद पति त्रिलोक खांडे को आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पहले से भी विवाद चल रहा था और फरवरी 2026 में वे तलाक के संबंध में अदालत गए थे। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

About The Author