
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा टीम अलग-अलग दुकानों और मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में खोवा, रबड़ी समेत दूध से तैयार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।

अभियान के दौरान टीम ने मेन रोड भाठागांव स्थित मेसर्स महावीर स्वीट्स-नमकीन से खोवा और तरपोंगी तिल्दा स्थित मेसर्स श्री सांई कृपा मां लक्ष्मी स्वीट्स से रबड़ी का नमूना लिया। दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के मुताबिक लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल रक्षाबंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी त्योहारी सीजन में भी जांच जारी रहेगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। जहां भी गुणवत्ता को लेकर संदेह होगा, वहां से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।






