बालाघाट में EOW की बड़ी कार्रवाई, सहकारी समिति प्रबंधक के घर छापे में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा …

बालाघाट : – आय से अधिक संपत्ति के मामले में जबलपुर EOW ने लांजी तहसील के नीमटोला में सहकारी समिति मनेरी के प्रबंधक विलास चौरे के घर छापामार कार्रवाई की। डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में करीब 10 सदस्यीय टीम ने गुरुवार सुबह तलाशी शुरू की, जो देर शाम तक चली। शिकायत की जांच के बाद न्यायालय से सर्च वारंट लेकर पहुंची टीम को प्रारंभिक जांच में चौरे की संपत्ति उसकी ज्ञात आय से करीब चार गुना अधिक मिली। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

ट्रैवल्स कारोबार से लेकर बैंक खातों तक, EOW को मिला संपत्ति का बड़ा रिकॉर्ड

तलाशी के दौरान चौरे के परिवार से जुड़ी कई संपत्तियों की जानकारी सामने आई। उसकी पत्नी पदमा चौरे के नाम पर ट्रैवल्स का कारोबार संचालित होने की बात सामने आई, जिसमें चार 50 सीटर बस, एक ट्रैवलर और चार लग्जरी कारें मिलीं। इसके अलावा चार दोपहिया वाहन और दो ट्रैक्टर भी बरामद हुए। सभी वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। टीम को बैंक ऑफ महाराष्ट्र, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और जिला सहकारी बैंक में तीन खाते मिले, जिन्हें सीज कर लेनदेन की जांच की जा रही है। चार LIC पॉलिसी, एक निजी कंपनी की पॉलिसी के बांड और करीब 5 लाख रुपये का सोना भी मिला है।

कमाई 22 लाख, संपत्ति कई गुना ज्यादा; जमीन और मकान भी जांच के घेरे में

EOW के अनुसार विलास चौरे ने सहकारी समिति में दैनिक वेतनभोगी के रूप में नौकरी शुरू की थी और बाद में प्रबंधक बना। उसकी सेवा अवधि के आधार पर वैध आय करीब 20 से 22 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि जांच में इससे कई गुना अधिक संपत्ति सामने आई। करीब 5 लाख रुपये में खरीदी गई जमीन पर लगभग 50 लाख रुपये की लागत से मकान बनाया गया है। करीब 10 लाख रुपये की कृषि भूमि और घर में बन रहे निजी जिम के लिए लगभग 10 लाख रुपये के उपकरण भी मिले हैं। टीम ने जमीन, मकान और निवेश से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अब बैंक खातों, वाहनों और अन्य चल-अचल संपत्तियों की जांच की जा रही है।

About The Author