
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विवाद को लेकर चौकी पहुंचे एक युवक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन चौकी की है। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, नेहरू गार्डन कॉलोनी निवासी मोनू का कुछ पानी का काम करने वाले लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच दोबारा झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मामले को समझने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान विवाद ने नया मोड़ ले लिया।
बताया जा रहा है कि बातचीत के बीच मोनू अचानक चौकी से बाहर निकला और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई और उसे अस्पताल भेजा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक के खुद को आग लगाने के बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की हलचल दिखाई दे रही है। एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना के मुताबिक, दोनों पक्षों ने पुलिस को अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।






