
अंबिकापुर : – छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बुनियादी सुविधाओं को लेकर छात्राओं का आक्रोश सामने आया है। शिवपुर एकलव्य आदर्श आवासीय गर्ल्स स्कूल की करीब 45 छात्राएं अपनी समस्याएं बताने के लिए कलेक्टर से मिलने करीब 6 किलोमीटर पैदल निकल पड़ीं। छात्राओं का आरोप है कि स्कूल और हॉस्टल में पिछले तीन महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। बिजली नहीं होने के कारण उन्हें गर्मी और अंधेरे में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्राओं ने पढ़ाई और भोजन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल में शिक्षक ठीक से पढ़ाई नहीं कराते, वहीं मेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। अपनी शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज छात्राओं ने खुद जिला प्रशासन तक पहुंचने का फैसला किया। इसी दौरान करीब 6 किलोमीटर पैदल चलने के दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। छात्राओं की मांग है कि जिला कलेक्टर उनकी समस्याओं को गंभीरता से लें और स्कूल-हॉस्टल में बिजली, पढ़ाई और भोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराया जाए।




