
भोपाल : – भोपाल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरा फैसला लिया है। भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना और संत हिरदाराम नगर से होकर गुजरने वाली 14 स्पेशल ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से नियमित ट्रेनों में बदला जा रहा है। जून तक ऐसी ट्रेनों की संख्या 10 थी, जो अक्टूबर तक बढ़कर 14 हो जाएगी। नियमित होने के बाद इन ट्रेनों का संचालन स्थायी ट्रेन नंबरों से किया जाएगा।
इन ट्रेनों के नियमित होने का सबसे बड़ा फायदा किराये में मिलेगा। स्पेशल ट्रेनों पर लगने वाला अतिरिक्त स्पेशल चार्ज हटने से आरक्षित श्रेणी के टिकट किराये में करीब 30 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है। इससे भोपाल, इटारसी और बीना से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को खास राहत मिलेगी। रीवा-सीएसएमटी, जबलपुर-बांद्रा, हैदराबाद-जयपुर और हुबली-योगनगरी ऋषिकेश जैसे प्रमुख रूट भी इस बदलाव में शामिल हैं।
नियमित की जा रही प्रमुख ट्रेनों में सीएसएमटी-रीवा एक्सप्रेस को 20153/20154, बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर एक्सप्रेस को 20163/20164, हुबली-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को 17363/17364 और हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस को 17079/17080 नंबर दिए गए हैं। इसके अलावा काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर, रानी कमलापति-अगरतला और चरापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस भी नियमित ट्रेनों में शामिल हैं।






