
तिरुवनंतपुरम : रिटायरमेंट तो नौकरी वाली जिंदगी का हिस्सा है, मगर केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) के एक ड्राइवर ने इस मौके पर कुछ ऐसा किया कि लोग भावुक हो गए। इडुक्की में KSRTC के कुमिली डिपो से जुड़े ड्राइवर पॉल कुरियन ने 2 सितंबर को आखिरी बार बतौर ड्यूटी बस चलाई। कुंबुम से आखिरी सफर खत्म होते ही उन्होंने बस को पार्किंग में खड़ी की। स्टीयरिंग व्हील को चूमा। अपने 18 साल पुराने साथी के चक्कर लगाए और टायरों को भी नमन किया। इंजन ग्रिल पर अपना माथा टिकाया और रो पड़े। कुरियन ने जाने से पहले गाड़ी को प्रणाम किया। जब उनके फेयरवेल के बारे में सीएम वीडी सतीशन को जानकारी मिली तो वह भी तारीफ करने से नहीं चूके।
केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) के ड्राइवर पॉल कुरियन 2 सितंबर को बस ड्राइवर की सर्विस से रिटायर हो गए। केएसआरटीसी के अधिकारियों के मुताबिक उनका आधिकारिक रिटायरमेंट 31 अक्टूबर को है, लेकिन 2 सितंबर को कुरियन की आखिरी फिजिकल ड्यूटी थी। उन्होंने कुमिली और कट्टाप्पना डिपो में 18 साल तक ड्राइवर के तौर पर काम किया। पॉल कुरियन ने अपने पूरे करियर में बिना किसी दुर्घटना वाला सर्विस रिकॉर्ड बनाए रखा। पिछले आठ साल से वह तमिलनाडु के कुंबम और कोट्टायम के बीच इंटरस्टेट सर्विस में बस चला रहे थे।






