
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र महिला अन्नपूर्णा योजना के लाभों से वंचित न रहे और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।
कोलकाता के पास साल्ट लेक में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, क्योंकि महिलाओं के लिए 3,000 रुपये की मासिक सहायता योजना की गारंटी उन्होंने ही दी थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा आयोजित ‘अन्नपूर्णा दिवस’ कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन से जुड़ी हर समस्या का समाधान करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में हमारी सरकार बनने के कुछ ही दिनों के भीतर अन्नपूर्णा योजना पर काम शुरू हो गया। आज, कई महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में वित्तीय सहायता प्राप्त हो रही है। कोई बिचौलिया नहीं है और कोई ‘कट मनी’ नहीं है। हमारी सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र महिला अन्नपूर्णा योजना के लाभ से वंचित न रहे। हम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनवरत काम कर रहे हैं।’’
पीएम मोदी ने कहा कि इस उद्देश्य के लिए यहां तेजी से काम भी किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस योजना के तहत बंगाल में महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 3,000 रुपये की निश्चित राशि जमा की जाती है, जिसके लिए उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह उनके लिए एक बड़ा संबल है। आज, लगभग 1.5 करोड़ बहनों के खातों में अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त पहुंच रही है। इस योजना के तहत 3,000 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि पश्चिम बंगाल की महिलाओं के पास निर्णय लेने की शक्ति और आगे बढ़ने का साहस, दोनों होना चाहिए।’’ पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अन्नपूर्णा योजना के माध्यम से पश्चिम बंगाल की माताओं और बहनों का एक नया सशक्तीकरण हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस योजना से लाभान्वित होने वाली प्रत्येक माता और बहन को बधाई देता हूं और उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं। परिवार में हमारी माताओं और बहनों के कंधों पर कई जिम्मेदारियां होती हैं। कई छोटे-बड़े फैसलों के बीच, एक महिला हर तरह से परिवार की देखभाल करती है, और जब उनके लिए जरूरी खर्चों की चिंता कम हो जाती है, तो उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ जाता है।’’
पीएम मोदी ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना बंगाल की महिलाओं का आत्मविश्वास मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘हर साल 17 सितंबर को ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, क्योंकि अन्नपूर्णा योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है। हमने इसे महिलाओं के एक बड़े वर्ग के लिए पहले ही लागू कर दिया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना के तहत सितंबर की किस्त के तहत 1.58 करोड़ लाभार्थियों में से ज्यादातर के बैंक खातों में नकद राशि भेज दी गई है और शेष लाभार्थियों के खातों में भी गुरुवार शाम तक यह राशि भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की है कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बाल विवाह के संदर्भ में कहा, ‘‘मैं भरोसा दिलाता हूं कि इस सरकार के कार्यकाल में 18 साल से कम उम्र की किसी भी लड़की की शादी नहीं होने दी जाएगी। जिन्होंने ऐसा किया है और जिन्होंने ऐसी शादियों में मदद की है, उन्हें कानून के मुताबिक सज़ा दी जाएगी।



