
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर दिल्ली से पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। फ्लाइट 9I613 की लैंडिंग के दौरान अचानक एक टायर फट गया, जिसके बाद विमान के तीन अन्य पहिए भी लॉक हो गए। लैंडिंग के वक्त यात्रियों को जोरदार झटका महसूस हुआ और कुछ ही सेकेंड बाद केबिन में जलने की गंध फैलने लगी। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई, हालांकि विमान रनवे पर ही रुक गया और किसी यात्री को चोट नहीं आई।

घटना के बाद DGCA की 9 सदस्यीय टीम ने बिलासपुर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम ने क्षतिग्रस्त विमान, टायर, व्हील एक्सल और रनवे का निरीक्षण किया। साथ ही विमान की तकनीकी स्थिति, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और घटना से जुड़े लोगों से जानकारी ली गई। शुरुआती जांच में एक टायर फटने के साथ तीन पहियों के लॉक होने की बात सामने आई है, लेकिन टायर फटने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

वहीं, क्षतिग्रस्त विमान की रिपेयरिंग का काम जारी है। जरूरी उपकरण बिलासपुर तक पहुंचाने में दिक्कत के चलते अलायंस एयर विमान को पहले सुरक्षित उड़ान भरने लायक बनाने की तैयारी कर रही है, ताकि उसे दिल्ली ले जाया जा सके। दिल्ली पहुंचने के बाद विमान की वर्कशॉप में पूरी मरम्मत की जाएगी। DGCA की जांच के बाद ही हादसे की तकनीकी वजह पूरी तरह सामने आएगी।







