
पंजाब के ममदोट में आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की गोली मारकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार रात गुरप्रीत अपने दोस्त हरप्रीत उर्फ हैप्पी के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान शहर के मुख्य बाजार के पास कार सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गुरप्रीत और हरप्रीत को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और हमलावरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। वारदात के बाद पुलिस महकमे के साथ AAP कार्यकर्ताओं में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।







