
मुंबई : कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बार फिर विवादों में आ गया है। शो के दूसरे सीजन का नया एपिसोड सामने आने के बाद इसके कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल क्लिप में बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े संदर्भों को लेकर की गई बातचीत पर सवाल उठाए जा रहे हैं।दरअसल, एपिसोड के दौरान समय रैना ने स्टैंड-अप कॉमेडियन शैरन वर्मा का परिचय कराते हुए उनके बिहार से होने को लेकर मजाक किया। बातचीत आगे बढ़ी तो शैरन ने भी समय रैना की कश्मीरी पृष्ठभूमि को लेकर टिप्पणी की। दोनों के बीच हुई इस मजाकिया बातचीत के अंश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

विवाद के बीच बीजेपी विधायक राम कदम ने इन टिप्पणियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर विवादित बयान देकर पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश करते हैं। राम कदम के मुताबिक, धर्म और कश्मीरी पंडितों जैसे संवेदनशील विषयों को मजाक का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि किसी आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सिर्फ माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं है। उनके अनुसार, विवाद खड़ा होने के बाद संबंधित व्यक्ति को देशभर में जिस तरह की चर्चा मिलती है, उससे उसका प्रचार भी हो जाता है।

वहीं, इस पूरे विवाद पर एक कश्मीरी पंडित ने अलग राय रखी। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि समय रैना और शैरन वर्मा के बीच हुई बातचीत को जरूरत से ज्यादा तूल देने की आवश्यकता नहीं है।उनका कहना था कि यह एक कॉमेडी शो है, इसलिए वहां मजाक और आपसी बातचीत का माहौल रहता है। उन्होंने कहा कि किसी कश्मीरी पंडित को देश में कहीं भी जाकर रहने और नौकरी करने का अधिकार है। इसी तरह बिहार का कोई व्यक्ति भी देश के किसी भी हिस्से में जाकर काम कर सकता है।उन्होंने कहा कि कॉमेडी शो में कलाकारों के बीच होने वाली बातों को व्यक्तिगत तौर पर लेने के बजाय पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए। हालांकि, वायरल क्लिप के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।







