
दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एक चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद आग लग गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सुफैद और 38 वर्षीय मोहम्मद सामिद के रूप में हुई है।

दमकल विभाग के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के आर-ब्लॉक स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सामने आया कि इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद घरेलू सामान में आग लगी थी। आग तेजी से फैलने के कारण दोनों लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए। दमकल कर्मियों ने करीब 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।






