
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया और कुछ ही सेकंड में टैंकर में जोरदार विस्फोट के साथ भीषण आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग मदद के लिए भी टैंकर के करीब नहीं पहुंच सके। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। छह दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।







