
जकार्ता : – इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास समुद्र में एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, फेरी पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद अचानक आग लग गई। हादसे के समय फेरी में 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फेरी से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर जहाज के किनारे खड़े नजर आए, जबकि कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।




