
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। केरल में आठ और कर्नाटक में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि केरल में आठ लोग लापता और 13 घायल बताए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। राजस्थान, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट है। उधर, कर्नाटक के शिवमोगा जिले में भूस्खलन से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली में रविवार को हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।




