
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पुलिस बर्बरता के विरोध में 24 जुलाई को देशव्यापी शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर छात्रों और विभिन्न संगठनों से देश के हर जिले में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की है। CJP ने इस अभियान के लिए “Every District. One Day. One Demand” का नारा दिया है। पार्टी का कहना है कि प्रदर्शन का उद्देश्य पुलिस कार्रवाई के कथित पीड़ितों के समर्थन में आवाज उठाना और उनकी मांगों को प्रमुखता से रखना है।

पार्टी ने आयोजकों से स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने और प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने की अपील की है। साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को पढ़कर सुनाने और पुलिस बर्बरता के कथित पीड़ितों के प्रति एकजुटता जताने का भी आग्रह किया गया है। CJP ने बताया कि प्रदर्शन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), ज्ञापन का प्रारूप और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। पार्टी के आह्वान के बाद 24 जुलाई को देश के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन होने की संभावना है। हालांकि, कार्यक्रम का स्वरूप स्थानीय आयोजकों और प्रशासनिक अनुमति पर निर्भर करेगा।





