
नई दिल्ली: अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन के 25वें दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने उनसे अनशन खत्म करने की भावुक अपील की है। वीडियो संदेश में दीपके ने कहा कि वांगचुक की सेहत सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “सोनम सर अनशन तोड़ दें, आंदोलन की जिम्मेदारी हम संभालेंगे।” दीपके ने भरोसा दिलाया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने समर्थकों से भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन जारी रखने की अपील की। साथ ही कहा कि जो लोग भड़काऊ नारे या अनुचित गतिविधियों में शामिल हैं, उनका CJP के आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। दीपके ने कहा कि आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बताए शांतिपूर्ण रास्ते पर आगे बढ़ेगा। बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।






