
दिल्ली समेत कई शहरों में चलते ई-रिक्शा को ब्लूटूथ के जरिए अचानक बंद किए जाने की घटनाओं के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने BAT-BMS, Smart BMS, Lossigy और Epoch Li-ion समेत 7 चीनी मूल के BMS ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें कुछ लोग मोबाइल ऐप के जरिए ई-रिक्शा की बैटरी से कनेक्ट होकर चलते वाहन को बंद करते नजर आए। हालांकि राहत की बात यह है कि इलेक्ट्रिक कारें और अधिकांश ई-स्कूटर इस खतरे से प्रभावित नहीं हैं।

दरअसल, कुछ ई-रिक्शा में इस्तेमाल होने वाली ब्लूटूथ सपोर्ट वाली लीथियम-आयन बैटरियों के Battery Management System (BMS) में पर्याप्त सुरक्षा नहीं थी। कई बैटरियों में पासवर्ड नहीं लगाया गया था या डिफॉल्ट पासवर्ड ही इस्तेमाल हो रहा था। इसका फायदा उठाकर कोई भी व्यक्ति 10 से 15 मीटर की दूरी से ऐप के जरिए बैटरी से कनेक्ट होकर उसे डिस्चार्ज मोड में बंद कर सकता था। सरकार का कहना है कि इन ऐप्स का उद्देश्य बैटरी की चार्जिंग, वोल्टेज, तापमान और हेल्थ की निगरानी करना था, लेकिन भारत में कुछ लोगों ने इनका गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया।

विशेषज्ञों के मुताबिक समस्या ऐप्स से ज्यादा कमजोर सुरक्षा वाले बैटरी सिस्टम में है। इसलिए ई-रिक्शा मालिकों को अपनी बैटरी के BMS में मजबूत पासवर्ड लगवाना चाहिए और 1234 या 0000 जैसे डिफॉल्ट पासवर्ड तुरंत बदल देने चाहिए। यदि चलते समय ई-रिक्शा अचानक बंद हो जाए तो घबराने की बजाय पहले वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोकें और बैटरी के मुख्य स्विच (MCB) को ऑफ करके दोबारा ऑन करें। वहीं, लेड-एसिड बैटरी वाले ई-रिक्शा और मजबूत एन्क्रिप्शन वाले बैटरी सिस्टम इस समस्या से सुरक्षित माने जा रहे हैं।





