
इंदौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान अवंतिका मोर्य के रूप में हुई है, जो धार जिले की रहने वाली थी और अपनी बड़ी बहन के साथ इंदौर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अवंतिका को मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए बालकनी में देखा गया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह भवन की ऊपरी मंजिलों की ओर गई और कुछ देर बाद चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल अवंतिका को उसके पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य निजी अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, अवंतिका की बड़ी बहन चिकित्सक हैं और उनके पिता भी डॉक्टर हैं। घटना के समय पिता फ्लैट के अंदर मौजूद थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अवंतिका चौथी मंजिल तक किन परिस्थितियों में पहुंची और उसके बाद क्या हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






