
दिल्ली। केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी में बड़ी कटौती का ऐलान किया है। शनिवार 30 मई को जारी आदेश के मुताबिक, 1 जून 2026 से पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर 1.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 13.50 रुपये प्रति लीटर ड्यूटी घटाई जाएगी। वहीं, एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर 9.5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है।
घरेलू कीमतों पर नहीं पड़ेगा असर
सरकार ने साफ किया है कि इस कटौती का घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। घरेलू टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रविवार को तेल कंपनियों ने भी पेट्रोल-डीजल के रेट स्थिर रखे हैं। आखिरी बार सोमवार को घरेलू कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी।
कच्चे तेल में नरमी के बीच फैसला
एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती का फैसला ऐसे समय आया है जब इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की नरमी है। बता दें, सरकार ने यह स्पेशल टैक्स 27 मार्च 2026 को लगाया था। पश्चिम एशिया में तनाव के चलते घरेलू उपलब्धता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया था। आखिरी बार 16 मई को दरों में रिवीजन हुआ था।




