
कबीरधाम जिले के कवर्धा थाना क्षेत्र में स्थित एक राइस मिल से बड़ी मात्रा में चावल चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 5 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया चावल बरामद किया है।जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र नगर सगौना निवासी विक्की अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि हरिनछपरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित उनकी हाडा एग्रो राइस मिल में रखे चावल के कट्टों की संख्या कम दिखाई दे रही थी। शक होने पर जब मिल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तब पूरी घटना सामने आ गई।

फुटेज में देखा गया कि 8 और 9 मई की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले सीसीटीवी कैमरा बंद किया और कुछ समय बाद फिर चालू कर दिया। इस दौरान राइस मिल परिसर से बड़ी मात्रा में चावल चोरी कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में करीब 35 से 40 कट्टा चावल गायब पाए गए।मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और राइस मिल में पहले काम कर चुके हमालों व संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। उनकी निशानदेही पर चोरी के 30 कट्टा चावल बरामद किए गए।पुलिस ने इस मामले में बिसेन नेताम, हीरादास बंजारे, संजय चंद्रवंशी, रवि धुर्वे और मोतीराम मरकाम को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कबीरधाम जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।






