
भोपाल: नोएडा से शादी के बाद भोपाल आईं 31 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को भोपाल के AIIMS भोपाल में कड़ी सुरक्षा के बीच शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। हाईकोर्ट के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई, ताकि मौत की असली वजह सामने लाई जा सके। पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद वापस रवाना हो गई।

मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि त्विषा का अंतिम संस्कार रविवार शाम पांच बजे भदभदा श्मशान घाट में किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एम्स के चार विशेषज्ञ डॉक्टर शनिवार देर रात भोपाल पहुंचे थे और उन्होंने पूरी मेडिकल प्रक्रिया की निगरानी की।इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियां बटोर ली हैं। Supreme Court of India ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस प्रकरण की विशेष सुनवाई तय की है। सोमवार 25 मई को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की विशेष पीठ इस मामले पर सुनवाई करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने इसे एक युवती की संदिग्ध मौत और उससे जुड़ी कथित प्रक्रियात्मक लापरवाही का मामला बताया है, जिससे शुरुआती जांच और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि दिसंबर में शादी के बंधन में बंधीं त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। घटना के बाद परिजनों ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए थे, जिसके आधार पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।करीब दस दिनों तक फरार रहने के बाद पति समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस उसे भोपाल लेकर आई, जहां अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। वहीं सास गिरिबाला सिंह अब तक कई नोटिस के बावजूद पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश नहीं हुई हैं।इधर मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। राज्य सरकार भी पहले ही इस केस की सीबीआई जांच की सिफारिश कर चुकी है। अब सभी की नजर दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हुई है।



