
पुणे : महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एक भव्य समारोह में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत बनाने में उनके उत्कृष्ट योगदान और लंबे सार्वजनिक जीवन को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया।

सम्मान ग्रहण करने के बाद समारोह में मौजूद गणमान्य अतिथियों ने अजीत डोभाल के नेतृत्व, रणनीतिक सोच और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, लोकमान्य तिलक ट्रस्ट के ट्रस्टी रोहित तिलक सहित कई प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के राष्ट्रसेवा और राष्ट्रनिर्माण के विचारों को भी याद किया गया।

81 वर्षीय अजीत डोभाल देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं और वर्तमान में भी इसी पद पर कार्यरत हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने मिजोरम, सिक्किम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा इस्लामाबाद और लंदन स्थित भारतीय मिशनों में भी उन्होंने अहम भूमिका अदा की। भारत-चीन सीमा वार्ता में विशेष प्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी और वर्ष 2017 के डोकलाम गतिरोध के शांतिपूर्ण समाधान में उनकी भूमिका को विशेष रूप से सराहा जाता है। आतंकवाद विरोधी अभियानों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े रणनीतिक निर्णयों में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड की शुरुआत वर्ष 1983 में महाराष्ट्र मंडल, पुणे द्वारा की गई थी। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष 1 अगस्त को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उन विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण, विकास और सामाजिक उत्थान में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इस पुरस्कार के पहले सम्मानित व्यक्ति समाजवादी नेता एस.एम. जोशी थे।इस प्रतिष्ठित सम्मान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. मनमोहन सिंह, इंदिरा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और वरिष्ठ नेता शरद पवार जैसी कई नामचीन हस्तियां भी सम्मानित हो चुकी हैं।






