
जयपुर में ATM से 42 लाख रुपये की लूट हुई और पुलिस को लगा कि बदमाशों ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया है। लेकिन CCTV की एक कड़ी ने पूरी कहानी बदल दी। जांच में ATM के पास मौजूद 22 वर्षीय युवती पुलिस के शक के घेरे में आई और जब उसके किराए के कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां से 26 लाख 80 हजार रुपये बरामद हो गए। पुलिस के मुताबिक, युवती अंशु कुमारी जाटव ने अपने बॉयफ्रेंड मस्तराम मीणा के साथ मिलकर कथित तौर पर लूट की योजना बनाई थी। आरोप है कि 14 सितंबर को बैंककर्मी ATM में कैश लेकर पहुंचे तो अंशु ने फोन कर इसकी जानकारी मस्तराम को दी। इसके बाद मस्तराम अपने दो साथियों पुष्पेंद्र और सुमित के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, दोनों साथियों ने हथियार दिखाकर कैश से भरा बैग लूटा और बाइक से फरार हो गए, जबकि मस्तराम कार लेकर कुछ दूरी पर मौजूद था।
वारदात के बाद आरोपी अंशु के कमरे पर पहुंचे, जहां लूटी गई रकम का बंटवारा किया गया। पुलिस के मुताबिक, 26.80 लाख रुपये अंशु के पास रखे गए। इसके बाद CCTV फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर पुलिस उस तक पहुंची। पूछताछ और तलाशी के बाद लूट की रकम बरामद होने से मामले की अहम कड़ी सामने आ गई। डीएसटी और जिला पुलिस ने करीब 48 घंटे में केस का खुलासा किया है, जबकि मस्तराम समेत तीन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।





